‘रूट्स टू रागाज’ में गूंजा राम जन्म का सोहर, पद्मश्री मालिनी अवस्थी ने बाँधा समा
कमला पोद्दार ग्रुप और फर्स्ट इंडिया ग्रुप की साझा पहल में हुआ भव्य आयोजन


जयपुर। लोक संगीत की सुरमयी शाम में उस क्षण जैसे अयोध्या का दृश्य जीवंत हो उठा जब पद्मश्री से सम्मानित प्रसिद्ध लोक गायिका मालिनी अवस्थी ने मंच से गाया “बाजत अवध बधइया, दशरथ घर सोहर…” श्रोताओं की आंखें बंद थीं, हाथ जुड़े थे और हर कोई राम नाम में लीन था। मंच से उतरते सुरों ने माहौल को जैसे राम जन्मभूमि में परिवर्तित कर दिया।
यह अवसर था ‘रूट्स टू रागाज’ का, जो कमला पोद्दार ग्रुप और फर्स्ट इंडिया प्लस एंटरटेनमेंट की संयुक्त पहल है। कार्यक्रम में मालिनी अवस्थी ने अवध की सोहर गायकी से लेकर लोक जीवन की विविध छवियों को प्रस्तुत कर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। मालिनी अवस्थी ने कहा, “हर व्यक्ति चाहता है कि उसका पुत्र राम जैसा हो, भाई राम जैसा हो, पति राम जैसा हो और यदि जीवन में कोई शत्रु भी हो, तो वह भी राम जैसा मर्यादित हो।” उनकी इस प्रस्तुति को और सुरबद्ध किया उनके गुरु धर्मनाथ मिश्र ने, जिन्होंने हारमोनियम पर संगत की। अन्य कलाकारों में सचिन कुमार (की-बोर्ड), अमित कुमार (ढोलक), धर्मेंद्र कुमार (ऑक्टोपैड), राजेश मिश्रा (तबला) और रमन दुग्गल (बेस गिटार) प्रमुख रहे।
कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में राजस्थान के डिप्टी सीएम प्रेम चंद बैरवा, फर्स्ट इंडिया न्यूज के सीईओ पवन अरोड़ा, कमला पोद्दार, और शहर के कई प्रमुख गणमान्यजन उपस्थित रहे। ‘रूट्स टू रागाज’ के माध्यम से आयोजकों का उद्देश्य भारतीय लोक संगीत की जड़ों से जुड़ना और नई पीढ़ी तक इसकी समृद्ध परंपरा को पहुंचाना है। मालिनी अवस्थी की उपस्थिति और प्रस्तुति ने इस उद्देश्य को सार्थक रूप में प्रस्तुत किया।


