
राजस्थान चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री एवं कृतिकार साहित्यिक संस्था के संयुक्त तत्वावधान में हर वर्ष की भाँति इस वर्ष भी चैम्बर भवन में एक गरिमामय समारोह में “ चैम्बर साहित्यकार सम्मान”-2025 प्रदान किए गए। इस अवसर पर साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 3 प्रतिष्ठित साहित्यकारों को सम्मानित किया गया। समारोह का शुभारम्भ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता चैंबर के अध्यक्ष डॉ. के.एल. जैन ने की तथा मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. जितेन्द्र मक्कड़ चेयरमैन एवं विभागाध्यक्ष कार्डियोलॉजी विभाग एटर्नल हॉस्पिटल, जयपुर व विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ साहित्यकार व कवि श्री लोकेश कुमार सिंह “साहिल“ उपस्थित रहे। इस अवसर पर चैम्बर के पदाधिकारीगण, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, साहित्यकार, शिक्षाविद एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अपने स्वागत उद्बोधन में राजस्थान चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री अध्यक्ष डॉ. के.एल. जैन ने कहा कि साहित्य समाज का दर्पण है और यह हमारी संस्कृति, परम्पराओं और जीवन मूल्यों को सहेजने का माध्यम है। उन्होंने यह भी कहा कि राजस्थान चेम्बर केवल उद्योग और व्यापार तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज की बौद्धिक, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक गतिविधियों को भी निरंतर प्रोत्साहन देता रहता है।
मुख्य अतिथि डॉ. जितेन्द्र मक्कड ने अपने संबोधन में साहित्य की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि साहित्यकार समाज को नई दिशा देने वाले मनीषी होते हैं। उनके विचार समाज की चेतना को जागृत करते हैं और नई पीढ़ी को प्रेरित करते हैं। उन्होंने सम्मानित साहित्यकारों को अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं। विशिष्ट अतिथि श्री लोकेश कुमार सिंह “साहिल“ ने भी अपने विचार रखें। इस अवसर पर निम्नलिखित 3 साहित्यकारों को उनके विशिष्ट योगदान के लिए “ चैम्बर साहित्यकार सम्मान” से सम्मानित किया गया- श्री आलोक चतुर्वेदी जी को हिन्दी साहित्य क्षेत्र में, श्री रज़ा शैदाई जी को उर्दू साहित्य क्षेत्र में व स्वं श्री बुद्धि प्रकाश जी पारीक (मरणोपरांत) को ढूंढाडी साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट रचनात्मक योगदान के लिए सम्मानित कर प्रशस्ति-पत्र, शॉल एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ साहित्यकार शोभा चंदर पारीक ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन चैम्बर के मानद महासचिव आनंद महरवाल द्वारा दिया गया। राजस्थान साहित्य सम्मान में सम्मानित साहित्यकारों ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत की जिन्होंने श्रोताओं को अत्यंत आकर्षित और भावविभोर कर दिया।
राजस्थान चैम्बर का यह आयोजन हर वर्ष की भाँति इस बार भी साहित्यकारों के कार्यों को सम्मानित करने और नई पीढ़ी को साहित्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से किया गया। राजस्थान चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष डॉ. के.एल. जैन ने इस अवसर पर विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे सम्मान समारोह समाज में साहित्यिक चेतना और सांस्कृतिक मूल्यों के संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे।


