DIVINEHINDILIFESTYLELITERATURENATIONAL

“प्लेटोनिक लव” – अंशु हर्ष द्वारा प्रस्तुत कविता, संगीत और रूहानी जुड़ाव की एक यादगार शाम

जयपुर, जवाहर कला केंद्र के कृष्णायन सभागार में “प्लेटोनिक लव” कार्यक्रम का सफल आयोजन हुआ। यह अनूठी संध्या कवयित्री एवं लेखिका अंशु हर्ष द्वारा प्रस्तुत की गई, जिसमें प्रेम, संवेदना और आत्मिक जुड़ाव को कविता और गीतों के माध्यम से अभिव्यक्त किया गया। इस कार्यक्रम में अंशु हर्ष ने अपनी 27 कविताओं का वाचन किया, और इन कविताओं के भावों को और गहराई देने के लिए गायक अमित गंधर्व ने अपने मधुर गीतों से साथ दिया। मंच पर कविताओं और गीतों का ऐसा संगम बना, जिसने श्रोताओं को अपने भीतर उतरकर महसूस करने, मुस्कुराने और अपनी भावनाओं से जुड़ने का अवसर दिया।

अंशु हर्ष ने कार्यक्रम में कहा कि वे अपनी कविताओं के अर्थ अपने नज़रिये से नहीं बतातीं, क्योंकि हर व्यक्ति कविता को अपनी संवेदना और जीवन अनुभवों के आधार पर समझता है। उन्होंने दर्शकों को अपने मन की गहराइयों में उतरने, भावों को महसूस करने और गीतों तथा शब्दों के प्रवाह में बह जाने का निमंत्रण दिया। कार्यक्रम का केंद्रीय भाव एक गहरे, परिपक्व और रूहानी लगाव पर आधारित था—एक ऐसा जुड़ाव जो मीरा के कृष्ण से प्रेम सा, भक्त और भगवान के विश्वास सा, या किसी ऐसे व्यक्ति से होने वाले आत्मिक संबंध जैसा हो, जिसकी उपस्थिति मन को शांति देती है। इस जुड़ाव में न मुलाक़ात की आवश्यकता होती है और न ही संवाद की; फिर भी दूरी में भी एक अदृश्य धागा दो आत्माओं को बांधे रखता है।

अंशु हर्ष की कविताओं ने इस रूहानी अनुभव को शब्द दिए, और अमित गंधर्व के गीतों ने इस भाव को और भी जीवंत कर दिया। यह शाम प्रेम, विश्वास और आत्मिक एकत्व की अनुभूति कराती हुई सभी के दिलों में एक स्थायी छाप छोड़ गई। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में कमला पोद्दार ग्रुप, सात्विक, वर्ल्ड ऑफ वर्ड्स, थार सर्वोदय संस्थान और सिम्पली जयपुर, VM स्टूडियो का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *