
पीएचडी चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अनिल गुप्ता ने वर्ष 2026-27 के लिए ज्वेलरी क्षेत्र के जाने-माने उद्योगपति श्री कृष्ण बी. गोयल, चेयरमैन एंड मैनेजिंग डायरेक्टर, द्वारका जेम्स लिमिटेड को पीएचडी चैम्बर, राजस्थान चैप्टर का अध्यक्ष नियुक्त किया है। श्री कृष्ण बी. गोयल की नियुक्ति को राजस्थान में उद्योग एवं व्यापार जगत के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। ज्वेलरी उद्योग में उनके अनुभव और व्यावसायिक दृष्टिकोण से प्रदेश के औद्योगिक विकास एवं निवेश को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
श्री गोयल ने बताया की पीएचडी चैम्बर विगत कई वर्षों से अपनी विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रमों के माध्यम से उद्योग एवं व्यापार जगत को बढ़ावा देने में कार्यरत है तथा उद्योग एवं सरकार के मध्य एक सुदृढ़ सेतु के रूप में अपनी सक्रिय भूमिका निभा रहा है। अपनी आगामी गतिविधियों एवं नवाचारों के माध्यम से चैम्बर राजस्थान में राज्य सरकार, उद्योगों, व्यापारिक संगठनों और उद्यमियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर देगा एवं प्रदेश में निवेश की संभावनाओं को प्रोत्साहित करने, नए उद्यमियों को अवसर उपलब्ध कराने तथा व्यापार एवं उद्योग से जुड़े मुद्दों को संबंधित मंचों तक पहुंचाने में प्रभावी भूमिका निभाएगा, श्री गोयल ने बताया उनकी नियुक्ति से प्रदेश के व्यापार एवं उद्योग जगत में सकारात्मक माहौल बनने की संभावना है।



