
जयपुर। भारतीय विद्या भवन विद्याश्रम प्रताप नगर के 2(A) के स्टूडेंट गर्वराज जाखड़ ने कम उम्र में कमाल किया है। गर्वराज ने मात्र 7 वर्ष की उम्र में 2 गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के सर्टिफिकेट हासिल कर लिए हैं। गिनीज बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की दो अलग-अलग श्रेणियों में गर्वराज ने सर्टिफिकेट्स हासिल किए हैं। गर्वराज ने 2023 में एक सप्ताह तक चले आई.आई.एफ.एल. जे.आई.टी.ओ. अहिंसा रन के ग्लोबल पीस कैंपेन में हिस्सा लिया था। जिसमें उन्होंने शांति और अहिंसा का संदेश दिया था और शपथ ली थी, जिसके चलते उन्हें पहला गिनीज रिकॉर्ड सर्टिफिकेट मिला। इसी तरह अगस्त 2026 में दुनिया की सबसे बड़ी रीडिंग और लिस्निंग प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर गर्वराज ने अपना दूसरा वर्ल्ड रिकॉर्ड सर्टिफिकेट हासिल किया। गर्वराज इस उपलब्धि के लिए अपने परिवार और स्कूल से मिले सपोर्ट को क्रेडिट देते हैं।
गर्वराज के परिवार में अब तक कुल 5 वर्ल्ड रिकॉर्ड सर्टिफिकेट्स आ चुके हैं, जिनमें से 4 गिनीज बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स और एक वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स की ओर से मिला है। वर्ष 2009 में उनके पिता का नाम पहली बार गिनीज रिकॉर्ड में आया। गर्वराज की मां डॉ. पुष्पा शेखावत ने भी 2018 में वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में डॉटर्स आर प्रीशियस का संदेश देते हुए 12051 पेपर हार्ट्स का वर्ल्ड रिकॉर्ड वरिष्ठ आईएएस नवीन जैन, आईपीएस पंकज चौधरी और एयू बैंक जयपुर मैराथन के साथ मिलकर बनाया था। गर्वराज के कजिन हर्षवर्धन जाखड़ ने भी माइनक्राफ्ट गेम के ‘बिल्ड द अर्थ मिशन’ में योगदान देते हुए 1,69,530 इमारतों के निर्माण में सहयोग करके गिनीज सर्टिफिकेट हासिल किया है। यह दुनिया के सबसे बड़े गेमिंग बिल्डिंग प्रोजेक्ट्स में से एक है, जिसमें दुनिया की कुल वास्तविक इमारतों के 0.0002 % का डिजिटली निर्माण किया गया।



