DIVINEHINDINATIONAL

शंखनाद महोत्सव में 1000 वर्ष पुराने दुर्लभ सोमनाथ ज्योतिर्लिंग का दर्शन

23 देशों के लोगो का सहभाग; शंखनाद महोत्सव  बनेगा आध्यात्मिक पर्यटन का नया अध्याय!
     पणजी (गोवा) – 17 से 19 मई 2025 के दौरान फर्मागुडी, फोंडा स्थित गोवा इंजीनियरिंग कॉलेज के मैदान में सनातन संस्था द्वारा आयोजित ‘सनातन राष्ट्र शंखनाद महोत्सव’ केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आध्यात्मिक जागरूकता का महोत्सव बनने जा रहा है। 23 देशों के प्रतिष्ठित प्रतिनिधि, विभिन्न संप्रदायों के संत-महंत, मंदिरों के ट्रस्टी और 25,000 से अधिक साधक और भक्तों की उपस्थिति एवं यज्ञ-याग के आयोजन के कारण यह महोत्सव काशी, उज्जैन और अयोध्या की तर्ज पर आध्यात्मिक पर्यटन का नया अध्याय बनेगा, जिससे विकास को भी गति मिलेगी, ऐसी जानकारी सनातन संस्था के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्री चेतन राजहंस ने पणजी में आयोजित पत्रकार परिषद में दी।

यह पत्रकार परिषद ‘होटल मनोशांति’ पणजी में आयोजित की गई थी, जिसमें आर्ट ऑफ लिविंग के श्री संतोष घोडगे, सांस्कृतिक न्यास के श्री जयंत मिरिंगकर, अंतरराष्ट्रीय बजरंग दल के श्री नितीन फळदेसाई, कुंडई तपोभूमि स्थित पद्मनाभ संप्रदाय के श्री सुजन नाईक, ब्राह्मण महासंघ के श्री राज शर्मा, जगद्गुरु स्वामी नरेंद्राचार्य महाराज के अनुयायी श्री अनिल नाईक, गोमंतक मंदिर महासंघ के श्री जयेश थळी तथा हिंदू जनजागृति समिति के श्री युवराज गावकर उपस्थित थे।

‘सनातन राष्ट्र शंखनाद महोत्सव’ में 1,000 वर्ष पुराने चोरी से सुरक्षित किए गए सोमनाथ ज्योतिर्लिंग का दुर्लभ दर्शन सभी को प्राप्त होगा। यह शिवलिंग मूर्ति भंजक ग़ज़नी द्वारा खंडित किया गया था और बाद में अग्निहोत्र संप्रदाय के साधकों ने इसे सुरक्षित रखा। अब आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक गुरुदेव श्री श्री रविशंकर जी के आशीर्वाद से यह शिवलिंग 17 से 19 मई के दौरान महोत्सव स्थल पर जनता के दर्शनार्थ रखा जाएगा। साथ ही, छत्रपति शिवाजी महाराज के काल के शस्त्रों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

आध्यात्मिक पर्यटन से आर्थिक विकास: काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और अयोध्या के श्रीराम मंदिर के कारण उत्तर प्रदेश को प्रति वर्ष लगभग 22,000 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हो रहा है। कभी पर्यटन क्षेत्र में सातवें स्थान पर रहा उत्तर प्रदेश अब शीर्ष पर पहुंच गया है। यह स्पष्ट दर्शाता है कि केवल आध्यात्मिक पर्यटन से भी राज्य की अर्थव्यवस्था को बड़ा प्रोत्साहन मिल सकता है। कभी ‘दक्षिण काशी’ के रूप में पहचाने जाने वाले गोवा को भी इससे निश्चित रूप से लाभ मिल सकता है। जो लोग मंदिरों या धार्मिक गतिविधियों को अंधविश्वास समझते हैं, उन्हें यह समझना चाहिए कि मंदिर देश की अर्थव्यवस्था की आत्मा और रीढ हैं। जब वैश्विक औद्योगिक शहर ढह रहे हैं, तब उज्जैन, तिरुपति, रामेश्वरम, काशी जैसे तीर्थस्थान हजारों वर्षों से टिके हैं और उनके आसपास का क्षेत्र भी विकसित हुआ है।

 शंखनाद महोत्सव से पर्यटन में वृद्धि : इस तीन दिवसीय महोत्सव के लिए देश-विदेश से 25,000 से अधिक भक्त, साधक और प्रतिष्ठित व्यिक्त गोवा पहुंचेंगे। ये सभी 3 से 5 दिन तक ठहरेंगे, यात्रा करेंगे, स्थानीय वाहनों, होटलों, मंदिरों, बाजारों, रेस्टोरेंट्स और पर्यटन स्थलों का लाभ लेंगे। इससे स्थानीय व्यवसायों और रोजगार को बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा। इस पूरी प्रक्रिया से जो GST और सेवा कर उत्पन्न होगा, उससे राज्य सरकार को भी अच्छा राजस्व प्राप्त होगा।

यह महोत्सव उज्ज्वल आध्यात्मिक भविष्य का शंखनाद है: अन्य व्यवसायों की तुलना में आध्यात्मिक पर्यटन एक सुरक्षित और स्थायी विकास मॉडल है, जो समाज में नैतिक मूल्यों की पुनर्स्थापना भी करता है। इस महोत्सव के माध्यम से मंदिर परंपरा, लोक कला, सांस्कृतिक पहचान, साथ ही साधना, आध्यात्मिक विचारधारा और राष्ट्रनिष्ठ मूल्यों का जागरण किया जाएगा। संक्षेप में, ‘शंखनाद महोत्सव’ उज्ज्वल आध्यात्मिक भविष्य का शंखनाद है।

भारत की विजय हेतु गोवा में सनातन राष्ट्र शंखनाद महोत्सव में ‘शतचंडी यज्ञ’ का आयोजन !
वर्तमान में चल रहे भारत-पाकिस्तान युद्ध में भारत की विजय हो, इस हेतु सनातन संस्था की ओर से गोवा में ‘सनातन राष्ट्र शंखनाद महोत्सव’ में 20 से 22 मई 2025 के कालावधि में 25 पुरोहितों द्वारा शतचंडी यज्ञ किया जाएगा। यह यज्ञ सभी नागरिकों के लिए खुला है, और इसमें देश-विदेश के श्रद्धालु सहभागी होंगे। यह जानकारी सनातन संस्था के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्री. चेतन राजहंस ने दी।

फर्मागुडी, फोंडा, गोवा स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज के मैदान पर 17 से 19 मई 2025 के कालावधि में यह महोत्सव सनातन राष्ट्र का शंखनाद करने के उद्देश्य से आयोजित किया जाएगा। इस महोत्सव में 23 देशों के प्रतिष्ठित मान्यवर, विभिन्न संप्रदायों के संत–महंत, विभिन्न राज्यों के मंत्रीगण, मंदिरों के ट्रस्टी तथा 25,000 से अधिक साधक और हिंदू धर्मप्रेमी सहभागी होंगे। इस यज्ञ में सहभागी होनेवाले नागरिक भारत की विजय हेतु प्रार्थना करेंगे।

देवभूमि, तपोभूमि, अवतारभूमि और पृथ्वी पर एकमात्र सनातन राष्ट्र भारत की रक्षा और विजय के लिए आयोजित इस शतचंडी यज्ञ में दुर्गा सप्तशती का सामूहिक पाठ, यज्ञविधि, आहुति और पूर्णाहुति आदि धार्मिक अनुष्ठान किए जाएंगे।  यह यज्ञ निम्नलिखित समय पर संपन्न होगा: 20 मई : दोपहर 4 से रात 8 बजे तक; 21 मई : सुबह 9.30 से दोपहर 12.30 तथा शाम 4 से रात 8 बजे तक; 22 मई : सुबह 8.30 से दोपहर 1.30 बजे तक

इस यज्ञ से पूर्व 17 से 19 मई 2025 के कालावधि में ‘सनातन राष्ट्र शंखनाद महोत्सव’ में राष्ट्र–धर्म और हिंदू समाज की रक्षा से संबंधित महत्त्वपूर्ण विचारमंथन, संतसभा और जागरूकता कार्यक्रम संपन्न होंगे। इस महोत्सव की अधिक जानकारी हेतु कृपया वेबसाइट पर जाएं : SanatanRashtraShankhnad.in

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

How can I help you?