
सीबीएसई पाठ्यक्रम के अनुरूप शिक्षकों के शिक्षण कौशल और व्यावसायिक ज्ञान को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से, सीबीएसई द्वारा रायन इंटरनेशनल स्कूल, मानसरोवर में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) के सहयोग से एक कैपेसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम (CBP) आयोजित किया गया। यह कार्यशाला “शिक्षण के प्रतिफल और शिक्षण विधियाँ” विषय पर केंद्रित थी, जिसका नेतृत्व सीबीएसई की प्रतिष्ठित रिसोर्स पर्सन मैडम सारिका गौर और विद्यालय की प्राचार्या सरिता कटियार द्वारा किया गया। इस सत्र का उद्देश्य शिक्षकों को नवीन और प्रभावी शिक्षण पद्धतियों से सशक्त बनाना था। शिक्षकगण के मार्गदर्शन हेतु रचनात्मक सत्र, समूह चर्चाएँ, व्यावहारिक- मनोरंजक गतिविधियाँ और प्रस्तुतीकरण आदि के माध्यम से प्रशिक्षित किया गया। प्रशिक्षण के अंतर्गत कक्षा शिक्षण में प्रौद्योगिकी के एकीकरण पर विशेष बल दिया गया ताकि शिक्षण विधि को अधिक रोचक और प्रभावशाली बनाया जा सके। इस पहल के माध्यम से, सीबीएसई शिक्षकों को नवीनतम मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण और छात्र-केंद्रित शिक्षा प्रदान करने हेतु निरंतर समर्थन देना मुख्य उद्देश्य था। इस प्रोग्राम में जयपुर के प्रतिष्ठित विद्यालयों के शिक्षकगण अत्यंत उत्साह के साथ सम्मिलित हुए।


