
भारत के अग्रणी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में से एक, बैंक ऑफ़ बड़ौदा (बैंक) ने कस्टमाइज्ड वेब-आधारित भुगतान समाधान -‘एफएसएसएआई पेमेंट सॉल्यूशन’ प्रदान करने के लिए भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।
समझौता ज्ञापन पर निदेशक, एफएसएसएआई कमांडर शरद अग्रवाल और बैंक ऑफ़ बड़ौदा, नई दिल्ली अंचल की मुख्य महाप्रबंधक एवं अंचल प्रमुख सुश्री मिनी टीएम ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर उप महाप्रबंधक (व्यवसाय विकास) श्री एम.वी.एस. सुधाकर, महाप्रबंधक, सरकारी संपर्क विभाग सुश्री रचना मिश्रा, उप महाप्रबंधक एवं क्षेत्रीय प्रमुख, दक्षिण दिल्ली क्षेत्र श्री समीर कुमार ओझा भी उपस्थित रहे।
इस साझेदारी का उद्देश्य एफएसएसएआई से जुड़े विभिन्न हितधारकों के लिए डिजिटल भुगतान इंटरफ़ेस को सुव्यवस्थित बनाते हुए व्यवसाय को सुगम बनाना है। यह समाधान निधि संवितरण, वेंडर भुगतान और सूचना प्रबंधन प्रणाली (एमआईएस) की कार्यनीतियों को सहज और स्वचालित बनाएगा। इस आईटी-आधारित प्लेटफ़ॉर्म के क्रियान्वयन से एफएसएसएआई तथा उसकी संबद्ध एजेंसी निधियों और भुगतानों का कुशलतापूर्वक प्रबंधन कर सकेंगी। यह नोडल खाते की प्रभावी निगरानी और नियंत्रण भी सुनिश्चित करेगा, जिसमें बेहतर वित्तीय निगरानी तथा पारदर्शिता के लिए स्टेट चाइल्ड अकाउंट और डिस्ट्रिक्ट सब-चाइल्ड अकाउंट में बाधारहित निधि प्रवाह शामिल है।


