
राजस्थान के माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में राजस्थान फाउंडेशन के विभिन्न चैप्टर्स तथा देश-विदेश में रह रहे प्रवासी राजस्थानी संगठनों के साथ एक वर्चुअल कॉन्फ्रेंस (VC) का सफल आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण बैठक में राजस्थान सरकार के मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास, उद्योग एवं डीओआरए (Department of Domestic & Overseas Rajasthani Affairs) के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री शिखर अग्रवाल तथा राजस्थान फाउंडेशन की कमिश्नर डॉ. मनीषा अरोड़ा सहित राजस्थान फाउंडेशन के कोऑर्डिनेटर भी शामिल हुए।
इस वर्चुअल संवाद के माध्यम से प्रवासी राजस्थानी समुदाय के साथ सार्थक विचार-विमर्श किया गया तथा राज्य के सामाजिक और आर्थिक विकास में उनकी भागीदारी को और सशक्त बनाने पर विशेष चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रवासी राजस्थानी प्रदेश की ताकत हैं और वे जहाँ-जहाँ भी रहते हैं, वहाँ राजस्थान की संस्कृति और खुशबू को फैलाते हैं। उन्होंने मिडिल ईस्ट में चल रही वर्तमान चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन हालातों का प्रभाव व्यापक रूप से महसूस किया जा रहा है। किसी भी प्रवासी भाई-बहन को कठिनाई न हो, उनकी कुशलक्षेम जानने तथा रियाद और दुबई स्थित राजस्थान फाउंडेशन के सदस्यों के प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त करने के उद्देश्य से इस वीडियो कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया।
मुख्यमंत्री ने रियाद और दुबई के प्रवासी राजस्थानियों द्वारा कठिन समय में किए गए सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि राज्य के विकास में आप सभी की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि राजस्थान से संबंधित अपनी अपेक्षाएँ राजस्थान फाउंडेशन के माध्यम से साझा करें, ताकि उन पर विचार-विमर्श कर प्रभावी कार्ययोजना बनाई जा सके। साथ ही उन्हें आश्वस्त किया कि आपातकालीन स्थिति में सहायता के लिए एक विशेष संपर्क नंबर भी उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे प्रवासी सीधे राजस्थान से जुड़ सकें। आवश्यकता पड़ने पर भारत सरकार का सहयोग भी लिया जाएगा।

इस वीडियो कॉन्फ्रेंस में 26 से अधिक चैप्टर्स के अध्यक्षों एवं सक्रिय सदस्यों ने भाग लिया। समय की सीमाओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की स्थिति और किए गए प्रयासों की जानकारी साझा की।
दुबई चैप्टर के अध्यक्ष अमराराम जांगिड़ ने बताया कि RBPG Dubai (Rajasthan Business & Professional Group) के समन्वित प्रयासों से पश्चिमी एशिया में उत्पन्न आपात स्थिति के दौरान प्रवासी राजस्थानियों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई। दुबई के हवाई क्षेत्र के बंद होने की स्थिति में प्रभावित लोगों के लिए आवास, भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराई गईं तथा उनके सुरक्षित आवागमन और स्वदेश वापसी के प्रयास निरंतर जारी हैं। यह कार्य भारतीय दूतावास और राजस्थान फाउंडेशन के सहयोग से संचालित हो रहा है।
बहरीन से ‘Rajasthanis in Bahrain (RIB)’ के अध्यक्ष रमेश पाटीदार ने बताया कि संकट की घड़ी में लगभग 300 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया गया तथा 21,000 से अधिक प्रवासी राजस्थानियों को निरंतर आवश्यक सहयोग प्रदान किया जा रहा है। यह पहल समुदाय की एकजुटता और जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण है।
रियाद चैप्टर के अध्यक्ष विजय सोनी ने जानकारी दी कि अचानक उत्पन्न संकट के कारण कई लोग कठिन परिस्थितियों में आ गए थे, विशेषकर जिनके वीजा समाप्त हो रहे थे। ऐसे में उनकी टीम ने जमीनी स्तर पर कार्य करते हुए सहायता प्रदान की तथा बहरीन और कुवैत जैसे प्रभावित क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर लाने के लिए विशेष व्यवस्था की।
ऑस्ट्रेलिया चैप्टर के अध्यक्ष रवि शर्मा ने इस कठिन समय में हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया, वहीं अमेरिका से पूर्णिमा वोरिया ने मुख्यमंत्री को अमेरिका आने का निमंत्रण देते हुए एक नए चैप्टर की स्थापना शीघ्र हो रही है यह सूचना प्रेषित की । आर.के. किला ने महिला शक्ति की सराहना करते हुए कहा कि वुमन विंग राजस्थान की संस्कृति और संस्कारों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। घाना से कनिका राजपुरोहित ने भी वहाँ के प्रयासों की जानकारी साझा की। इसके अतिरिक्त रतन शर्मा (असम), श्री कुमार लाखोटिया तथा सिंगापुर से डी.डी. गुप्ता ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के अंत में मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए राजस्थान फाउंडेशन एवं सभी चैप्टर अध्यक्षों के प्रयासों की सराहना की।
यह वर्चुअल कॉन्फ्रेंस न केवल प्रवासी राजस्थानियों की एकजुटता और संवेदनशीलता का प्रतीक बनी, बल्कि संकट के समय सामूहिक सहयोग और समन्वय की एक प्रेरणादायक मिसाल भी प्रस्तुत की।
अंशु हर्ष
प्रवासी कॉर्डिनेटर



