
जयपुर के जवाहर सर्किल स्थित प्रेम निकेतन मानव सेवा संघ आश्रम सेवा, करुणा और मानवीय संवेदनाओं का जीवंत केंद्र है जहाँ पिछले दो दशकों से प्रेम निकेतन हॉस्पिटल समाज के हर वर्ग को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराते हुए विश्वास का प्रतीक बना हुआ है। आश्रम परिसर में स्थित प्रेम निकेतन हॉस्पिटल 100 बेड का एक आधुनिक मल्टी-स्पेशियलिटी हॉस्पिटल है, जहाँ चिकित्सा सुविधाओं को मानवीय देखभाल के साथ जोड़ा गया है। चिरंजीवी योजना एवं प्रधानमंत्री आयुष्मान योजना के अंतर्गत यहां भर्ती एवं ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध हैं, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग भी बेहतर उपचार प्राप्त कर सके। हॉस्पिटल में एल्डरली क्रिटिकल केयर , अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर, लैब, डिजिटल एक्स-रे, 24×7 फार्मेसी एवं एम्बुलेंस सेवा जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। यहाँ मेडिसिन, कार्डियोलॉजी, जनरल सर्जरी, ऑर्थोपेडिक, स्त्री रोग, नेत्र रोग, यूरोलॉजी, दंत चिकित्सा एवं फिजियोथेरेपी जैसे विभागों में अनुभवी एवं कुशल चिकित्सकों द्वारा विश्वसनीय और रियायती दरों पर उपचार किया जाता है।
प्रेम निकेतन की सबसे विशिष्ट पहचान उसका नर्सिंग एवं जिरियाट्रिक केयर सेंटर है। राजस्थान में अपनी तरह की यह अनूठी सेवा बुजुर्गों, विकलांगों, पोस्ट ऑपरेशन मरीजों और पूर्णतः बेड रेस्ट रोगियों के लिए आशा और सहारा बन चुकी है। यहाँ 24×7 चिकित्सा एवं मानवीय देखभाल उपलब्ध है, जिसमें नहलाने, डायपर बदलने, हाथ से भोजन कराने, करवट दिलाने, राइस ट्यूब से फीड कराने तथा बेडसोर से बचाव जैसी सेवाएँ अत्यंत संवेदनशीलता और समर्पण के साथ दी जाती हैं।
आज जब परिवारों का स्वरूप बदल रहा है और बुज़ुर्गों की देखभाल एक बड़ी चुनौती बनती जा रही है, आज के बदलते सामाजिक परिवेश में ऐसा नहीं है कि बच्चे अपने बुज़ुर्गों की सेवा और देखभाल नहीं करना चाहते, बल्कि कार्य की व्यस्तताओं, लगातार यात्राओं और छोटे परिवारों की जीवनशैली के कारण कई बार यह चुनौती सामने आ जाती है कि बीमार या पूर्ण देखभाल की आवश्यकता वाले बुज़ुर्ग सदस्य की निरंतर देखरेख कैसे की जाए। ऐसे समय में प्रेम निकेतन आश्रम पूरी संवेदनशीलता, आत्मीयता और समर्पण के साथ बुज़ुर्गों की सेवा एवं देखभाल के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। पूर्णतः ए.सी. युक्त डीलक्स और सुपर डीलक्स कक्षों में शांतिपूर्ण, सुरक्षित और गरिमापूर्ण वातावरण के साथ रोगियों को घर जैसी देखभाल प्रदान की जाती है।
इसके अतिरिक्त, गंभीर स्थिति वाले बुज़ुर्ग मरीजों के लिए यहाँ 10 बेड का अत्याधुनिक एल्डरली क्रिटिकल केयर भी उपलब्ध है। बुज़ुर्ग मरीजों की गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के उपचार हेतु प्रेम निकेतन में विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ द्वारा 24 घंटे निरंतर निगरानी और उन्नत लाइफ सपोर्ट तकनीकों की सहायता से समर्पित सेवाएँ प्रदान की जाती हैं।

यहाँ वेंटिलेटर, बाई-पैप मशीन एवं अन्य आधुनिक चिकित्सा उपकरणों के माध्यम से मरीजों की स्थिति पर सतत निगरानी रखी जाती है। रक्तचाप, हृदय गति, ऑक्सीजन स्तर तथा मस्तिष्क की गतिविधियों जैसे महत्वपूर्ण संकेतों की हर पल जांच की जाती है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत उपचार उपलब्ध कराया जा सके। लंबे समय तक बिस्तर पर रहने वाले मरीजों में संक्रमण, निमोनिया, बेडसोर एवं ब्लड क्लॉटिंग जैसी समस्याओं की संभावना अधिक रहती है। इन जटिलताओं से बचाव के लिए विशेष नर्सिंग केयर एवं नियमित देखभाल सुनिश्चित की जाती है। इसके साथ ही, मरीजों की शारीरिक क्षमता को बनाए रखने और मांसपेशियों को कमजोर होने से बचाने के लिए ट्यूब फीडिंग के माध्यम से संतुलित पोषण तथा बेड-साइड फिजियोथेरेपी की सुविधाएँ भी उपलब्ध कराई जाती हैं
प्रेम निकेतन हॉस्पिटल की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहाँ केवल उपचार नहीं, बल्कि रोगियों को आत्मीयता, सम्मान और अपनत्व भी दिया जाता है। सेवा और संवेदना का यह संगम ही प्रेम निकेतन को एक साधारण अस्पताल से कहीं अधिक, एक मानवीय आश्रय बनाता है।
- अंशु हर्ष



