
वनबंधु परिषद जयपुर चैप्टर की महिला समिति द्वारा वनवासी क्षेत्रों में “एक गाँव, एक शिक्षक, एक विद्यालय” अभियान के माध्यम से शिक्षा के प्रसार-प्रचार एवं सेवा कार्यों को गति देने के उद्देश्य से आयोजित दो दिवसीय सावन उत्सव प्रदर्शनी का शुक्रवार को के.के. स्क्वॉयर मॉल में भव्य शुभारंभ हुआ। प्रदर्शनी का आयोजन 3 एवं 4 जुलाई को किया जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सुषमा केके, संगीता लड्ढा, रघुश्री पोद्दार, प्रीति बाहेती (संगठन मंत्री, RMS), सविता कोठारी (अध्यक्ष, नॉर्थ ज़ोन RMS), प्रदीप बाहेती (अध्यक्ष, वनबंधु परिषद जयपुर चैप्टर), संगीता गुप्ता (अध्यक्ष, महिला समिति), शिल्पी भार्गव (प्रदर्शनी प्रभारी) एवं शैला जैन (सचिव, महिला समिति) उपस्थित रहे।
महिला समिति की अध्यक्ष संगीता गुप्ता ने सभी अतिथियों एवं आगंतुकों का स्वागत करते हुए प्रदर्शनी के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उपस्थित अतिथियों ने वनबंधु परिषद द्वारा वनवासी क्षेत्रों में शिक्षा, संस्कार एवं सामाजिक उत्थान के लिए किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताया। चैप्टर अध्यक्ष प्रदीप बाहेती ने बताया कि परिषद का लक्ष्य समाज के सहयोग से वनवासी बच्चों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुँचाना है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी से प्राप्त समस्त आय वनवासी बच्चों की शिक्षा एवं उनके सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित की जाएगी। प्रदर्शनी में परिधान, ज्वेलरी, हस्तशिल्प, गृह सज्जा सहित अनेक आकर्षक स्टॉल लगाए गए हैं, जिनका बड़ी संख्या में आगंतुक अवलोकन कर रहे हैं। आयोजकों ने आमजन से प्रदर्शनी में सहभागिता कर वनवासी बच्चों की शिक्षा के इस सेवा अभियान में सहयोग करने का आह्वान किया।



