EDUCATIONHINDILIFESTYLENATIONAL

सच बेधड़क एवं गणगौर टीवी के सीएमडी श्री पवन अरोड़ा से शिष्टाचार भेंट

जयपुर। थार सर्वोदय संस्थान एवं रघु सिन्हा–माला माथुर चैरिटी ट्रस्ट व सिंपली जयपुर की ओर से आयोजित होने वाले 15वें प्रिंसिपल्स एवं टीचर्स अवॉर्ड–2026 को लेकर आयोजन समिति के प्रतिनिधियों ने सच बेधड़क एवं गणगौर टीवी के सीएमडी श्री पवन अरोड़ा से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर सुधीर माथुर, सोमेंद्र हर्ष एवं अंशु हर्ष ने श्री पवन अरोड़ा को उनके नए चैनल की शुरुआत के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मीडिया के क्षेत्र में उनके नए प्रयास की सफलता की कामना करते हुए कहा कि नए मंच के माध्यम से समाज और प्रदेश से जुड़े सकारात्मक एवं जनहितकारी विषयों को नई आवाज मिलेगी।

भेंट के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने श्री पवन अरोड़ा को 15वें प्रिंसिपल्स एवं टीचर्स अवॉर्ड–2026 में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए औपचारिक आमंत्रण भी दिया। यह समारोह 6 सितंबर 2026 को शाम 5 बजे कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑडिटोरियम, जयपुर में आयोजित होगा। कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों एवं शिक्षाविदों को सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर “माला माथुर मेमोरियल लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड फॉर एक्सीलेंस इन एजुकेशन” के तहत सात विशिष्ट पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

आयोजकों ने बताया कि समारोह में 100 से अधिक प्राचार्य, शिक्षक, विद्यार्थी, अभिभावक, गणमान्य नागरिक एवं विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ पुरस्कार समारोह एवं स्नेह भोज भी आयोजित किया जाएगा। श्री पवन अरोड़ा ने आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षकों के योगदान को सम्मानित करने की इस पहल की सराहना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *