HINDILIFESTYLENATIONAL

कैनवास पर गणपति की आकृति से हुआ शुभारंभ, सुदीप रॉय को कला विभूति सम्मान

कृष्ण प्रतिमा की स्थापना और तिलक के साथ आव्या एम. भूतोड़िया ने गुरु संग किया प्रथम मंच प्रणाम

भजन सम्राट पद्मश्री पं. अनूप जलोटा के सुरों की मिठास और नन्ही नृत्यांगना आव्या एम. भूतोड़िया की पहली मंचीय प्रस्तुति ‘प्रथम मंच प्रणाम’ ने ‘आरोहण-2026’ की सांस्कृतिक संध्या को यादगार बना दिया। नई दिल्ली स्थित साई शिंजिनी एकेडमी ऑफ फाइन आर्ट्स एंड कल्चर की ओर से श्रीराम सेंटर फॉर परफॉर्मिंग आर्ट्स में आयोजित समारोह में संगीत, नृत्य और चित्रकला के विविध रंग देखने को मिले। मुख्य अतिथि केंद्रीय संगीत नाटक अकादमी के उपाध्यक्ष पद्मश्री उस्ताद अनवर खान मांगणियार थे। समारोह की शुरुआत चित्रकार संजीब कुमार गोगोई ने कैनवास पर गणपति की आकृति उकेरकर की। मुख्य अतिथि अनवर खान ने तूलिका से गणपति के चित्र पर तिलक लगाकर उसे पूर्णता प्रदान की। इस अवसर पर समकालीन चित्रकला के वरिष्ठ कलाकार सुदीप रॉय को ‘कला विभूति’ अवार्ड से सम्मानित किया गया। कला साधकों के लिए स्थापित ‘प्रकाश पारिख स्कॉलरशिप’ काव्या और निकी को प्रदान की गई।

सम्मान समारोह के बाद अकादमी की नन्ही नृत्यांगनाओं ने मंगलाचरण पर मनोहारी नृत्य मुद्राएं प्रस्तुत कीं। इसके बाद नृत्य गुरु शिंजिनी कुलकर्णी ने अपनी आठ शिष्याओं के साथ ‘पंचतत्व नमम्याहम’ में पंचतत्व की अवधारणा को कथक की लय और भाव मुद्राओं में साकार किया। भजन सम्राट अनूप जलोटा ने श्रोताओं का अभिवादन और सरगम गायन कर ‘ऐसी लागी लगन’ से शुरुआत की। इसके बाद ‘अच्युतम केशवम’, ‘राम आएंगे आएंगे’, ‘कौन कहता है भगवान आते नहीं’, ‘इतनी शक्ति हमें देना दाता’ और ‘तेरे मन में राम, तन में राम’ जैसी रचनाओं से श्रोताओं का दिल जीत लिया।

जलोटा के भजन ‘श्याम तेरी बंसी पुकारे राधा नाम’ पर आव्या एम. भूतोड़िया अपनी गुरु शिंजिनी कुलकर्णी के साथ नृत्यमयी मुद्राओं में मंच पर आईं। हाथों में भगवान कृष्ण की प्रतिमा लिए आव्या ने उसे मंच पर स्थापित कर तिलक किया। इसके बाद आव्य ने अपनी गुरु शिंजिनी कुलकर्णी एवं अनूप जलोटा के साथ अपनी पहली मंचीय प्रस्तुति दी मुख्य अतिथि अनवर खान ने कहा कि पहली मंचीय प्रस्तुति कलाकार की मेहनत और गुरु से मिली सीख को सामने लाती है। उन्होंने आव्या को आशीर्वाद और उनके पिता संदीप भूतोड़िया को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने संयोजक शिंजिनी कुलकर्णी की आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को कथक सिखाने और वरिष्ठ कलाकारों के साथ मंच देने की पहल को सराहा।

समारोह में युवा तबला वादक ईशान घोष का एकल वादन तथा विदुषी गीतांजलि लाल, शाश्वती सेन और अल्पना वाजपेयी की ‘अभिनय कचहरी’ भी आकर्षण का केंद्र रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *