‘हम भारत के लोग’: भारतीय सांस्कृतिक जड़ों, एकात्मता और समरसता की पड़ताल

भारत केवल भौगोलिक सीमाओं में बँधा एक राष्ट्र नहीं, बल्कि हजारों वर्षों की सांस्कृतिक चेतना, आध्यात्मिक परंपराओं और साझा विरासत से निर्मित एक जीवंत सभ्यता है। यहाँ विविध भाषाएँ, धर्म, संप्रदाय, उपासना पद्धतियाँ और जीवनशैलियाँ होते हुए भी एक साझा सांस्कृतिक भाव सदैव विद्यमान रहा है। इसी सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय एकात्मता के विचार को केंद्र में रखकर लेखक याजवेन्द्र यादव ने अपनी पुस्तक ‘हम भारत के लोग’ में एक महत्वपूर्ण विषय को विस्तार से प्रस्तुत करने का प्रयास किया है। पुस्तक के लेखन की प्रेरणा उन्हें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य इंद्रेश कुमार जी से मिली। विषय की गहन समझ विकसित करने में धर्म जागरण समन्वय के रामप्रसाद जी और अमर सिंह जी का महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। वहीं, विषय को पुस्तक के माध्यम से प्रभावी और सार्थक रूप में प्रस्तुत करने की दिशा में इंदुशेखर तत्पुरुष जी का मार्गदर्शन भी लेखक के लिए महत्वपूर्ण रहा। पुस्तक लेखन के लिए निरंतर प्रेरित करने वाले कमलेश सिंह जी और प्रताप भानु सिंह शेखावत जी के प्रति भी लेखक ने अपनी कृतज्ञता व्यक्त की है।
पुस्तक का मूल विचार ‘हम भारत के लोग’ की उस भावना से जुड़ा है, जिसका उल्लेख भारतीय संविधान की प्रस्तावना में भी मिलता है। लेखक भारतीय समाज को एक साझा सांस्कृतिक विरासत के सूत्र में बँधा हुआ मानते हैं। सनातन दर्शन के संदर्भ में वे जीवन के चार पुरुषार्थों धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष की चर्चा करते हुए भारतीय जीवन-दृष्टि को केवल भौतिक उपलब्धियों तक सीमित न मानकर सत्य, सेवा, करुणा और सह-अस्तित्व पर आधारित बताते हैं। भारत की विशेषता उसकी उपासना पद्धतियों की विविधता में भी दिखाई देती है। यहाँ शिव, विष्णु, शक्ति और प्रकृति के उपासक अपनी-अपनी आस्थाओं के साथ एक ही सांस्कृतिक परिवेश में सह-अस्तित्व रखते आए हैं। लेखक इसी विविधता को भारतीय संस्कृति की शक्ति मानते हैं। उनके अनुसार अलग-अलग फूलों से बनी माला को जिस प्रकार एक धागा जोड़ता है, उसी प्रकार साझा संस्कृति, विरासत और ऐतिहासिक स्मृतियाँ भारत के लोगों को एक सूत्र में बाँधती हैं।
पुस्तक में भारतीय सभ्यता की उस उदार परंपरा का भी उल्लेख है, जिसमें विचारों और मान्यताओं को बलपूर्वक थोपने के बजाय संवाद, ज्ञान और आत्मीयता के माध्यम से स्वीकार्यता मिली। ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ और ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ जैसे विचारों को भारतीय संस्कृति की मूल भावना बताते हुए लेखक सह-अस्तित्व और समरसता के महत्व को रेखांकित करते हैं। पुस्तक का एक महत्वपूर्ण और विचारोत्तेजक पक्ष भारत में इस्लाम के आगमन, ऐतिहासिक कन्वर्जन और भारतीय मुस्लिम समाज की सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक जड़ों से संबंधित है। लेखक ने अखंड भारत के संदर्भ में इस्लामिक कन्वर्जन, उसके प्रमुख कारणों तथा भारतीय मुस्लिम समाज की वंशावली पर चर्चा की है। पुस्तक में 55 मुस्लिम परिवारों की वंशावली का उल्लेख किया गया है। इसके साथ ही शुद्धि आंदोलन और स्वतंत्रता के बाद सामूहिक एवं व्यक्तिगत रूप से हुई 63 घर वापसी की घटनाओं का विवरण भी प्रस्तुत किया गया है।
लेखक ने इस विषय को केवल ऐतिहासिक घटनाओं तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उन लोगों की पहचान और योगदान को भी सामने रखा है, जिन्होंने अपनी उपासना पद्धति में बदलाव किए बिना भारतीय आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं से अपना जुड़ाव बनाए रखा। भक्त कारे बेग, सालबेग, दीन दरवेश, संत बाबा मलेख, कवि सादुल्ला, संत लालदास जी और संत वाजिद जैसे व्यक्तित्वों के साथ हवलदार अब्दुल हमीद, ब्रिगेडियर उस्मान, के.के. मुहम्मद और भारत रत्न डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम का उल्लेख इस संदर्भ में विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। यहाँ पुस्तक एक विचार प्रस्तुत करती है कि भारत की सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ाव का अर्थ किसी व्यक्ति की उपासना पद्धति को बदलना नहीं है। किसी की धार्मिक आस्था और पूजा-पद्धति अलग हो सकती है, लेकिन अपनी मातृभूमि, सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और ऐतिहासिक स्मृतियों के प्रति आत्मीयता बनाए रखना भी राष्ट्रीय एकात्मता का महत्वपूर्ण आधार हो सकता है।
इस पुस्तक का सबसे महत्वपूर्ण पक्ष यही है कि यह भारतीयता को केवल धार्मिक पहचान के दायरे में नहीं, बल्कि साझा सांस्कृतिक चेतना और विरासत के व्यापक संदर्भ में देखने का प्रयास करती है। हालांकि कन्वर्जन, वंशावली और ऐतिहासिक घटनाओं से जुड़े विषयों पर प्रस्तुत तथ्यों का स्वतंत्र ऐतिहासिक एवं दस्तावेजी अध्ययन भी आवश्यक है, ताकि इन विषयों पर विमर्श प्रमाणों और संतुलित दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ सके। ‘हम भारत के लोग’ एक ऐसे विषय को सामने लाती है, जिस पर समाज में संवाद की आवश्यकता है। अपनी जड़ों को जानना, इतिहास को समझना और विविधताओं के बीच आत्मीयता बनाए रखना किसी भी राष्ट्र की सांस्कृतिक शक्ति होती है। भारत की पहचान उसकी अनेकता में निहित एकता और सह-अस्तित्व की परंपरा से है।
याजवेन्द्र यादव की यह पुस्तक पाठकों को भारतीय समाज की सांस्कृतिक जड़ों, इतिहास और राष्ट्रीय एकात्मता के प्रश्नों पर विचार करने के लिए प्रेरित करती है। यह पुस्तक एक संवाद की शुरुआत करने का प्रयास है, जहाँ धर्म और उपासना की विविधता के साथ-साथ साझा विरासत और भारतीयता के भाव को भी समझा जा सके।



