
जयपुर। गणगौर टीवी का लोकप्रिय भक्ति कार्यक्रम ‘हरजस’ न केवल ईश्वर भक्ति को समर्पित है, बल्कि राजस्थान की उभरती हुई युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने का भी एक सशक्त प्रयास है। कार्यक्रम की आगामी कड़ी की शूटिंस में प्रेरणा पंचारिया और सुरभि चतुर्वेदी ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों भक्तिरस बिखेरा। जिसे दर्शक गणगौर टीवी पर बहुत जल्द देख पाएंगे ।
बीकानेर निवासी प्रेरणा पंचारिया वर्तमान में बी.ए. प्रथम वर्ष की छात्रा हैं तथा संगीत विशारद की उपाधि प्राप्त कर चुकी हैं। देशभक्ति गीतों और भजनों के माध्यम से उन्होंने अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। उनका पहला वायरल गीत “चित्रकार तू चित्र बना दे” देशभर में अत्यंत लोकप्रिय हुआ, जिसने उन्हें श्रोताओं का भरपूर स्नेह और आशीर्वाद दिलाया। अपनी मधुर आवाज़, भावपूर्ण गायकी और भारतीय संस्कृति के प्रति समर्पण के कारण प्रेरणा युवा पीढ़ी की उभरती हुई प्रतिभाशाली भजन गायिकाओं में प्रमुख स्थान रखती हैं।
वहीं, जयपुर निवासी सुरभि चतुर्वेदी आकाशवाणी की लोकगायिका हैं और संगीत जगत में अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने राजस्थान विश्वविद्यालय से संगीत विषय में स्नातक एवं स्नातकोत्तर दोनों परीक्षाओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक अर्जित किया है। सुरभि अब तक 700 से अधिक मंचीय प्रस्तुतियाँ दे चुकी हैं तथा उन्हें पद्मश्री अनूप जलोटा, अनुराधा पौडवाल, स्वर्गीय रवीन्द्र जैन, रिचा शर्मा और दलेर मेहंदी जैसे देश के प्रतिष्ठित कलाकारों के साथ मंच साझा करने का गौरव प्राप्त हुआ है। शास्त्रीय, लोक एवं भक्ति संगीत पर उनकी सशक्त पकड़ ने उन्हें संगीत जगत में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है।
इस अवसर पर गणगौर टीवी के सीईओ एवं मैनेजिंग डायरेक्टर पवन अरोड़ा ने दोनों भजन गायिकाओं का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि ‘हरजस’ का उद्देश्य केवल भक्ति संगीत का प्रसार करना नहीं, बल्कि राजस्थान की प्रतिभाओं को एक ऐसा मंच उपलब्ध कराना भी है, जहाँ उनकी कला देश-विदेश के दर्शकों तक पहुँच सके।
इस दौरान गणगौर टीवी की टीम के क्रिएटिव कंटेंट एडवाइजर अंशु हर्ष, स्ट्रेटेजी एडवाइजर शिशिर अवस्थी तथा चैनल के सीओओ अल्पेश कुमार टेलर भी उपस्थित रहे। सभी ने कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए कार्यक्रम की सफलता के लिए शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम की सूत्रधार लक्षिता जोशी और दीपिका शर्मा रही और हरजस शो के डायरेक्टर अरविंद शर्मा है ।



